बड़ी खबरराष्ट्रीय

कोरोना पॉजिटिव महिला की मौत, फिर मिले दो नए मरीज

भोपाल। मध्य प्रदेश में एक और कोरोना पॉजिटिव महिला की मौत हो गई है। इस साल प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीज की यह चौथी मौत है। मंडला जिले के नारायणगंज निवासी महिला की रविवार रात जबलपुर के मेडिकल कॉलेज में मौत हुई। महिला गर्भवती थी और उसे डिलीवरी के लिए भर्ती कराया गया था। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा ने बताया कि नारायणगंज से रेफर होकर आई महिला का सर्दी और खांसी के लक्षण देखकर कोरोना टेस्ट कराया गया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद महिला की सर्जरी की गई, उसने बच्चे को जन्म दिया और उसे मेडिसिन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। रविवार देर रात उसकी मौत हो गई। बच्चे को फिलहाल मेडिकल कॉलेज के चाइल्ड वार्ड में भर्ती किया गया है।

इससे पहले इंदौर में कोरोना संक्रमित तीन महिलाओं की मौत हो चुकी है। रतलाम की रहने वाली टीबी, ब्रोंकाइटिस और हाई ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित 52 वर्षीय महिला को गत 8 जून को सांस लेने में तकलीफ के कारण प्राइवेट अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां 10 जून को रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें सरकारी अस्पताल एमआरटीबी के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया, लेकिन बीते बुधवार को उनकी मौत हो गई। इससे पहले 6 जून को खरगोन की 44 वर्षीय महिला की एमआरटीबी अस्पताल में मौत हुई थी। वह हाल ही में एमटीएच अस्पताल में बच्चे को जन्म देने के बाद संक्रमित पाई गई थीं। इससे पहले, 27 अप्रैल को इंदौर की 74 वर्षीय किडनी रोगी महिला की अरबिंदो अस्पताल में मौत हो चुकी है।

वहीं, इंदौर में सोमवार दो नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इस साल अब तक कुल 122 से ज्यादा मरीज सामने आ चुके हैं, जिनमें 112 मरीज इंदौर के ही हैं। फिलहाल 68 मरीज एक्टिव हैं, जो होम आइसोलेशन में हैं। तीन मरीजों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। इंदौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव हसानी ने बताया कि नए मरीजों में सिर्फ हल्के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। कोरोना की मौजूदा लहर पहले जैसी गंभीर नहीं है, लेकिन पहले से हृदय रोग, अस्थमा या अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों में इसका असर ज्यादा देखा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी है। विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले इलाकों से बचने की हिदायत दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button